पिपरिया की तीन बेटियों का मध्यप्रदेश रग्बी टीम में चयन
सब-जूनियर नेशनल रग्बी 7s चैंपियनशिप 2025-26 में करेंगी प्रदेश का प्रतिनिधित्व
नर्मदापुरम् 16/1/206(छगन कुशवाहा पिपरिया) नर्मदापुरम्
पिपरिया, शहर के लिए गौरव की बात है कि पिपरिया की तीन होनहार बेटियों का चयन मध्यप्रदेश सब-जूनियर रग्बी टीम में हुआ है। ये खिलाड़ी भारतीय रग्बी संघ द्वारा आयोजित सब-जूनियर नेशनल रग्बी 7s चैंपियनशिप 2025-26 में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। प्रतियोगिता का आयोजन 16 से 20 जनवरी 2026 तक कलिंगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, भुवनेश्वर (ओडिशा) में किया जाएगा।
मध्यप्रदेश टीम में चयनित खिलाड़ियों में आकांक्षा नायर (पुत्री कपिल नायर), अंकिता तिवारी (पुत्री गोविन्द तिवारी) एवं राशिका पटेल (पुत्री भरत जी पटेल) शामिल हैं। तीनों खिलाड़ी जिला नर्मदापुरम के पिपरिया शहर की निवासी हैं।
जिला रग्बी संघ नर्मदापुरम के सचिव एवं कोच सचिन पुर्विया ने बताया कि देवास में आयोजित 5 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रदेश की 12 सदस्यीय टीम का चयन किया गया, जिसमें पिपरिया की इन तीनों खिलाड़ियों ने स्थान बनाया। पिपरिया में सचिन स्पोर्ट्स द्वारा आर.एन.ए. खेल मैदान पर खिलाड़ियों को नियमित रूप से निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाता है, जिसका सकारात्मक परिणाम लगातार सामने आ रहा है। इससे पूर्व भी पिपरिया के कई खिलाड़ी जूनियर एवं सीनियर स्तर पर मध्यप्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
प्रदेश टीम ओडिशा रवाना
मध्यप्रदेश रग्बी टीम 13 जनवरी को कोच संदीप जाटव एवं मैनेजर दीक्षा पाटीदार के नेतृत्व में ओडिशा के लिए रवाना हो चुकी है। यह प्रतियोगिता देशभर की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का अवसर प्रदान करेगी।
खिलाड़ियों के चयन एवं प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन की शुभकामनाएं मध्यप्रदेश रग्बी संघ सचिव अरबार शेख, कोषाध्यक्ष पंकज कुमार जैन, जिला रग्बी संघ नर्मदापुरम के वी.एस. चौहान (सेवानिवृत्त वरिष्ठ क्रीड़ा अधिकारी) सहित सांसद दर्शन सिंह चौधरी, विधायक ठाकुर दास नागवंशी, जिला खेल अधिकारी संजीव दुबे तथा अन्य जनप्रतिनिधियों, खेल अधिकारियों, शिक्षकों एवं खेल प्रेमियों ने दीं।
पिपरिया की इन बेटियों की उपलब्धि से क्षेत्र में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ा है और आने वाले समय में इनके राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।



