4 घंटे में अपहरण कांड का पर्दाफाश: सोहागपुर पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, 5 आरोपी गिरफ्तार
फिल्मी अंदाज़ में नाबालिग का अपहरण, घेराबंदी कर पुलिस ने बचाई जान
नर्मदापुरम् पिपरिया 24/3/2026
( छगन कुशवाहा )सोहागपुर (नर्मदापुरम)। थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के अपहरण की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों की शिकायत मिलते ही पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 4 घंटे के भीतर बालिका को सकुशल बरामद कर लिया और अपहरण में शामिल पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने लाल रंग की स्विफ्ट कार में मैन मार्केट की गली से बालिका का अपहरण किया और बाबई की ओर फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद बालिका के भाई ने साहस दिखाते हुए अपहरणकर्ताओं का पीछा किया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने हाई अलर्ट जारी कर घेराबंदी शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक सांई कृष्णा एस थोटा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन और एसडीओपी संजू चौहान के निर्देशन में सोहागपुर, बाबई, बक्तरा और बाड़ी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने चारों ओर नाकेबंदी कर दी।
जैसे ही आरोपियों को पुलिस की भनक लगी, उन्होंने एक कार बदलकर बालिका को छोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के आगे उनकी चालाकी नहीं चल सकी और सभी आरोपियों को पकड़ लिया गया।
बड़ी कार्रवाई एक नजर में
- 4 घंटे में अपहरण कांड का खुलासा
- नाबालिग बालिका सकुशल बरामद
- 5 आरोपी गिरफ्तार
- 2 कारें (स्विफ्ट और क्रेटा) जब्त
- 4 थानों की संयुक्त घेराबंदी
इस कार्रवाई में निरीक्षक ऊषा मरावी, उपनिरीक्षक मेघा उदेनिया, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र पटेल और आरक्षक दिनेश धुर्वे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं सउनि गणेश राय, आरक्षक सुनील ओझा, विवेक सोनपुरे और राजकुमार ने भी ऑपरेशन को सफल बनाने में सराहनीय योगदान दिया।




