होली पर खपाने लाई जा रही थी शराब, पिपरिया पुलिस ने 63 लीटर अवैध शराब के साथ कार पकड़ी
नर्मदापुरम् पिपरिया 1/3/2026 ( छगन कुशवाहा ) पिपरिया, आगामी होली त्योहार को देखते हुए अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिपरिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सांड़िया रोड पर घेराबंदी कर एक अल्टो कार से 63 लीटर अंग्रेजी और देशी शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कीमत करीब 50 हजार रुपए तथा कार की कीमत लगभग 2 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अपराध क्रमांक 88/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण एस. थोटा के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन तथा एसडीओपी मोहित कुमार यादव के निर्देशन में अवैध शराब के विरुद्ध सघन पेट्रोलिंग की जा रही है।
रविवार रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सांड़िया की ओर से डार्क स्लेटी रंग की अल्टो कार क्रमांक MP.04.CQ.4964 में अवैध शराब लेकर पिपरिया की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने चौधरी वेयर हाउस, सांड़िया रोड पर घेराबंदी कर कार को रोका। चालक ने अपना नाम रोहित राय (32) निवासी होली चौक, बरेली, जिला रायसेन बताया।
कार की तलाशी लेने पर डिक्की से दो पेटी बैंकपाइपर 375 एमएल के 48 नग तथा अलग-अलग बोरियों में रखे 180 एमएल के कुल 250 क्वार्टर (लगभग 5 पेटी) बरामद हुए। कुल 63 लीटर शराब जब्त की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह होली पर्व पर बिक्री के लिए शराब की तस्करी कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर विधिवत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया है।
इनकी रही प्रमुख भूमिका
कार्रवाई में निरीक्षक गिरीश त्रिपाठी, उपनिरीक्षक मानिक सिंह बट्टी, प्रधान आरक्षक पूनमचंद चौधरी, आरक्षक स्नेह साहू, ललित हरणे एवं प्रदीप सोनी की सराहनीय भूमिका रही ।



