नर्मदापुरम् पिपरिया 17/3/2026
( छगन कुशवाहा )
पिपरिया. नगर पालिका परिषद पिपरिया के सफाईकर्मी अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर चले गए हैं। बुधवार को शहर में कहीं भी कचरा नहीं उठाया गया, जिससे कई वार्डों में गंदगी के ढेर लग गए और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सफाईकर्मियों ने मंगलवारा चौराहे पर धरना देकर नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ये हैं प्रमुख मांगें
- ईपीएफ राशि नियमित रूप से जमा की जाए
- आधार बेस अटेंडेंस प्रणाली को हटाया जाए
- 10 व 20 वर्ष पूर्ण कर्मचारियों को शासन अनुसार विशेष महंगाई भत्ता दिया जाए
- नियमित एवं विनियमित कर्मचारियों के एरियर का भुगतान किया जाए
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
शहर की व्यवस्था पर असर
हड़ताल के चलते शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सड़कों और मोहल्लों में कचरा जमा होने लगा है, जिससे बदबू और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
प्रशासन पर उठे सवाल
सफाईकर्मियों का कहना है कि इमरजेंसी सेवाओं के नाम पर उनसे लगातार काम लिया जाता है, लेकिन सुविधाएं और अधिकार नहीं दिए जाते। उन्होंने छुट्टियों और कार्य व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई है।
फिलहाल नगर पालिका प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है, जिससे शहरवासियों की चिंता बढ़ती जा रही है।





