पिपरिया खेल से करियर तक की राह दिखी, एनएसएस शिविर में छात्राओं को मिला नया विजन
नर्मदापुरम् पिपरिया 20/3/2026
( छगन कुशवाहा )
पिपरिया.शहीद भगत सिंह शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पिपरिया की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) बालिका इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन विविध गतिविधियों के साथ उत्साहपूर्ण माहौल में कार्यक्रम आयोजित हुए। दिन की शुरुआत प्रार्थना और योगाभ्यास से हुई, जिसके बाद निर्धारित सत्रों का आयोजन किया गया।
दिन का मुख्य आकर्षण हार्टफुलनेस मेडिटेशन सत्र रहा, जिसे मोहनिश दीक्षित और मिका दीक्षित ने संचालित किया। उन्होंने छात्राओं को मानसिक शांति, एकाग्रता और सकारात्मक सोच के महत्व के बारे में बताया। साथ ही नियमित ध्यान के जरिए तनाव कम करने और जीवन में संतुलन बनाए रखने के उपाय भी समझाए।
शिविर में आयोजित “खेल से रोजगार तक का सफर” विषयक सत्र ने छात्राओं में खासा उत्साह जगाया। यूथ कोऑर्डिनेटर प्रीतम पूर्विया ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल अब सिर्फ स्वास्थ्य तक सीमित नहीं, बल्कि करियर के मजबूत विकल्प के रूप में उभर रहे हैं। उन्होंने खेल क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार अवसरों की जानकारी दी और छात्राओं को नियमित अभ्यास, अनुशासन और कौशल विकास के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई और अपने अनुभव साझा किए। पूरे दिन के आयोजन ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहे, जिससे छात्राओं में नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच का संचार हुआ।
कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. किटी मौर्य ने आभार व्यक्त किया।



