कमर्शियल गैस सिलेंडर की किल्लत, होटल-चाय दुकानों का काम ठप होने की कगार पर
नर्मदापुरम् पिपरिया 26/3/2026
( छगन कुशवाहा )
पिपरिया। शहर में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई अभी तक सामान्य नहीं हो पाई है। इसका सीधा असर होटल और चाय गुमठियों के व्यवसाय पर पड़ रहा है। गैस नहीं मिलने से व्यापारी मजबूरी में डीजल, कोयला और लकड़ी की भट्टियों का सहारा ले रहे हैं, जिससे खर्च बढ़ गया है और काम प्रभावित हो रहा है।
होटल संचालक ललित साहू, सूरज वर्मा, और हिम्मू कहार ने बताया कि कई दिनों से कमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। ऐसे में होटलों में डीजल से चलने वाले स्टोव और चाय दुकानों पर कोयला-लकड़ी की भट्टियों का उपयोग करना पड़ रहा है।
व्यापारियों का कहना है कि महंगे वैकल्पिक ईंधन के कारण लागत बढ़ गई है, जबकि आमदनी पर असर पड़ रहा है। इसके बावजूद परिवार के भरण-पोषण के लिए दुकानें बंद करना संभव नहीं है, इसलिए जैसे-तैसे काम चलाया जा रहा है।
व्यापारियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पर्याप्त मात्रा में कमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि व्यवसाय सामान्य हो सके।
_________विज्ञापन_________



