बैंक कॉलोनी में फिर बड़ी चोरी, सूने घरों को बनाया निशाना; लाखों के जेवर-नगदी पार
तीन रघुवंशी परिवार गांव गए थे, पीछे की खिड़की से घुसे चोर; CCTV खंगाल रही पुलिस
नर्मदापुरम् पिपरिया 26/3/2026
( छगन कुशवाहा )
पिपरिया। शहर की बैंक कॉलोनी में चोरों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बीती रात अज्ञात बदमाशों ने बलराम रघुवंशी, प्रदीप रघुवंशी समेत एक अन्य रघुवंशी परिवार के सूने मकानों के ताले तोड़कर लाखों रुपए के जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, तीनों परिवार किसी काम से गांव गए हुए थे, जिससे घर खाली पड़े थे। इसी का फायदा उठाकर चोर पीछे की खिड़की के रास्ते अंदर दाखिल हुए और आराम से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
सुबह पड़ोसियों को घटना की भनक लगी तो इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्टेशन रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
पहले भी हो चुकी हैं वारदातें
गौरतलब है कि बैंक कॉलोनी और आसपास के इलाकों में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसके बावजूद अब तक किसी बड़ी सफलता का अभाव रहा है। बार-बार हो रही चोरियों से क्षेत्रवासियों में दहशत के साथ पुलिस के प्रति नाराजगी भी बढ़ती जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।





