पिपरिया मे तीन दिशाओं से निकली रंग यात्राएं, मंगलवारा चौक पर इंद्रधनुषी रंगों की बौछार
नर्मदापुरम् पिपरिया 9/3/2026 ( छगन कुशवाहा )
पिपरिया।नगर में रंग पंचमी का पर्व इस वर्ष भी पूरे उत्साह और आस्था के साथ धूमधाम से मनाया गया। शहर के तीन अलग-अलग क्षेत्रों से भव्य रंग यात्राएं निकाली गईं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और हुलियारे शामिल हुए। सड़कों पर जगह-जगह रंग और गुलाल की बारिश होती रही तथा लोग एक-दूसरे को गले लगाकर पर्व की शुभकामनाएं देते नजर आए।
हिंदू उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित इस आयोजन में इंदौर और ब्रज की पारंपरिक होली की झलक देखने को मिली। रंग यात्रा में राधा-कृष्ण की तीन नृत्य झांकीयां, पांच भजन मंडल तथा पानी और रंग से भरे फायरब्रिगेड आधा दर्जन टैंकर शामिल रहे। यह यात्राएं राधाकृष्ण मंदिर सांडिया रोड, खेड़ापति मंदिर हथवास और दुर्गा मंदिर तहसील पचमढ़ी रोड से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से निकली।
दोपहर 12 बजे तीनों दिशाओं से निकाली यात्राएं नगर के प्रमुख स्थल मंगलवारा सुभाष चौक पर पहुंचीं। यहां नगर पालिका के टैंकरों, फायर ब्रिगेड और ट्रैक्टर टैंकरों से हुलियारों पर इंद्रधनुषी रंगों की बौछार की गई। मथुरा की होली के गीतों पर युवाओं और श्रद्धालुओं ने जमकर नृत्य किया और एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर बधाई दी।
इस बार महिलाओं की भागीदारी भी विशेष रूप से देखने को मिली। बड़ी संख्या में महिलाएं सड़कों पर उतरकर रंगोत्सव में शामिल हुईं और उत्साहपूर्वक रंग खेला।
पर्व के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। दो थानों के प्रभारी और एसडीओपी पुलिस बल के साथ पूरे समय व्यवस्था संभाले रहे। आयोजन के दौरान कहीं भी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और रंग पंचमी का पर्व भाईचारे और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
