नर्मदापुरम 9/3/2026 (दयाराम कुशवाहानर्मदापुरम ) नर्मदापुरम। दिव्यांग बच्चों के पुनर्वास और सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों के तहत नर्मदापुरम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भारत सरकार के वरिष्ठ सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी संदीप खन्ना ने दिव्यांग बच्चों को उपकरण वितरण और उनके प्रशिक्षण की व्यवस्था का निरीक्षण किया।
कार्यक्रम में स्थानीय कमिश्नर के. जी. तिवारी (आईएएस) ने भी भाग लिया और दिव्यांगजनों को शासन द्वारा मिलने वाली सुविधाओं तथा योजनाओं पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए लगातार योजनाएं चला रही है और प्रशासन का प्रयास है कि इनका लाभ जरूरतमंदों तक समय पर पहुंचे।
इस अवसर पर CBM इंडिया शाखा के संचालक सुमन तथा लायन डी.एस. डांगी (सीईओ) की उपस्थिति में दिव्यांग बच्चों के लिए उपकरण वितरण, प्रशिक्षण और उनकी सहायता से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में हरि सिंह चौहान सहित लायंस क्लब के सदस्य भी मौजूद रहे।
लायंस क्लब के तत्वाधान में दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था की जा रही है। इस कार्य का निरीक्षण करने पहुंची दिल्ली की टीम ने भी दिव्यांगता के क्षेत्र में किए जा रहे इन प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में बताया गया कि इस पहल का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।