स्कूटी पर 60 लीटर शराब लेकर आ रहे दो तस्कर गिरफ्तार, 33 हजार की शराब जब्त
नर्मदापुरम् पिपरिया 16/4/2026
( छगन कुशवाहा )
पिपरिया। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पिपरिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने स्कूटी से शराब की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 60 लीटर अवैध शराब जब्त की है।
पुलिस के अनुसार 15 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक स्कूटी से शोभापुर की ओर से पिपरिया की तरफ अवैध शराब लेकर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने शोभापुर रोड स्थित जियो पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर संदिग्ध स्कूटी को रोका।
जांच के दौरान स्कूटी के बीच में रखी 5 पेटियों और चालक के पास रखे थैले से कुल 336 क्वार्टर देशी शराब बरामद हुए। जब्त शराब की मात्रा 60 लीटर 480 एमएल बताई गई है, जिसकी कीमत करीब 33,600 रुपए आंकी गई है। पुलिस ने मौके से स्कूटी भी जब्त कर ली है, जिसकी कीमत करीब 60 हजार रुपए बताई जा रही है।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम सौरभ (32) निवासी अंबेडकर वार्ड, पिपरिया और संतोष (36) निवासी ग्राम रायखेड़ी बताए। दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना पिपरिया पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
