पिपरिया में श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का शुभारंभ, भक्ति रस में सराबोर हुआ वातावरण
नर्मदापुरम् पिपरिया 30/4/2026
( छगन कुशवाहा )
पिपरिया। शहर के शिवम कॉलोनी, पचमढ़ी रोड बीजनवाड़ा में आयोजित श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का शनिवार से भव्य शुभारंभ हुआ। कथा के पहले दिन कलश यात्रा के साथ श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालु सहपरिवार एवं इष्ट मित्रों सहित शामिल हुए और भक्ति रस में डूबकर कथा का श्रवण किया।
कथा 25 अप्रैल से 1 मई 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित की जा रही है। कथा वाचन परम पूज्य श्री रविकांत जी महाराज (चित्रकूट वाले) द्वारा किया जा रहा है, जो अपने सरल और भावपूर्ण प्रवचनों से श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और जीवन मूल्यों का संदेश दे रहे हैं।
कथाव्यास पीठ से कहा कि सच्चा सुख और शांति केवल भगवान की शरण में ही मिलती है। सांसारिक मोह-माया क्षणिक है, जबकि ईश्वर भक्ति से ही स्थायी आनंद प्राप्त होता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि जीवन के हर क्षण में भगवान का स्मरण करें, जिससे मन को शांति और आत्मिक संतोष प्राप्त होगा।
कथा प्रारंभ अवसर पर कथाव्यास का स्वागत श्रीफल, पुष्पमालाओं से किया गया। इस दौरान मार्शल बमोरिया, अशोक चौकसे, शिवकुमार राय, खुशीलाल पटेल, गोविंद चौकसे, नरेन्द्र रघुवंशी, छगन कुशवाहा, अतुल परसाई, महेंद्र नामदेव, शिवेंद्र दुबे, उपेंद्र पटेल एवं ब्रजेश पटेल आनंद पटेल सहित अन्य साथियों ने सम्मान किया। वहीं रिटायर्ड एएसआई श्री रामनारायण रघुवंशी का भी विशेष स्वागत किया गया।
आयोजन का समापन 1 मई को पूर्णाहुति एवं भंडारा महाप्रसादी के साथ होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
आयोजनकर्ता रामनारायण रघुवंशी एवं समस्त रघुवंशी परिवार ने सभी श्रद्धालुओं से कथा में शामिल होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।
पूरे क्षेत्र में इस धार्मिक आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल बना हुआ है और प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है।








