Type Here to Get Search Results !

नर्मदा तीर्थ परिक्रमा वासियों की सेवा दुनिया की सर्वश्रेष्ठ सेवा है - मंत्री श्री लखन पटेल


 मंत्री श्री लखन पटेल ने नर्मदा परिक्रमा वासियों की सेवा करने वाले भक्तों का किया सम्मान

नर्मदापुरम 29/04/2026  (दयाराम कुशवाहा )  नर्मदापुरम/ नर्मदा परिक्रमा वासियों की सेवा दुनिया की सर्वश्रेष्ठ सेवा है, यह मेरा सौभाग्य है कि मैंने अपने जीवन में नर्मदा परिक्रमा किया और एक जीवन में बहुत सारे जीवन जी लिए। श्री रावतपुरा सरकार सिद्ध गुरु कृपा आश्रम बुंडारा कलां आकर मुझे अद्भभुत आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति हो रही है। यहां आकर मुझे अपार संतोष महसूस हो रहा है। उक्त बात प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार श्री लखन पटेल ने कही। मंत्री श्री पटेल ने बुधवार को सिवनी मालवा के ग्राम बुंडाराकलां स्थित श्री रावतपुरा सरकार सिद्ध गुरु कृपा आश्रम में नर्मदा परिक्रमा वासियों की सेवा करने वाले भक्तों को सम्मानित किया।  इस दौरान उन्होंने श्री रेवा राम रोटी योजना की सराहना करते हुए कहा कि इस योजना के तहत भक्तगण आवली घाट के 60 किलोमीटर तक के मां नर्मदा के तट के दोनों और परिक्रमा वासियों को भोजन दवाइयां और फल फ्रूट वितरित करते हैं। उन्होंने कहा कि यह सेवा अनुपम और आनंद दायक है। मंत्री श्री पटेल ने कहा है कि उन्हें आश्रम में आने का सौभाग्य मिला। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश शासन शीघ्र ही एक ऐसी योजना ला रही है जिससे सड़कों पर निराश्रित विचरण करने वाले गोवंश का स्थाई रूप से पुनर्वास किया जाएगा। निराश्रित गोवंश के लिए गौशालाओं बनाई जाएगी जहां पर बड़े पैमाने पर गोवंश को रखा जाएगा और उनकी विस्तृत रूप से देखभाल की जाएगी। मंत्री श्री पटेल ने सभी उपस्थित लोगों से कहा कि वे अपने जीवन में सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़े जीवन में कभी भी नकारात्मक सोच को अपने अंदर ना लाएं। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने का आह्वान किया। 

इसके पूर्व आश्रम संचालक श्री धीरज गौर ने मंत्री श्री पटेल के समक्ष अभिनंदन पत्र का वाचन किया और बताया कि वर्ष 2021 में कोरोना काल के दौरान श्री रावतपुरा सरकार सिद्ध गुरु कृपा आश्रम की स्थापना की गई थी। श्री रेवा रोटी योजना के अंतर्गत नर्मदा परिक्रमा वासियों के लिए भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है। उन्होंने आश्रम में की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। 

इस अवसर पर नर्मदा परिक्रमा वासियों की सेवा करने वाले भक्तगण एवं अन्य गण मान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.