भोपाल,15/05/2026 (दयाराम कुशवाहा ) भोपाल, 15 मई 2026। मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेशभर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आमजनों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
प्रदेश कार्यालय पहुंचे कार्यकर्ताओं ने विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी जनसमस्याएं, स्थानीय मुद्दे एवं संगठनात्मक विषय मंत्री श्री कुशवाह के समक्ष रखे। मंत्री श्री कुशवाह ने गंभीरता से सभी समस्याओं को सुना और जहां संभव हुआ, वहां तत्काल समाधान सुनिश्चित किया। जिन मामलों का मौके पर निराकरण संभव नहीं हो सका, उन्हें संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित किया गया।
इस अवसर पर श्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं और उनकी समस्याओं के समाधान के साथ-साथ जनता से जुड़े मुद्दों का निराकरण सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की कठिनाइयों को समझते हुए आश्वासन दिया कि प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए प्रभावी पहल की जाएगी।
कार्यकर्ताओं से आत्मीय संवाद के दौरान मंत्री श्री कुशवाह ने संगठनात्मक मजबूती, जनसेवा और शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर भी जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं ने अपनी बात रखी।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित यह संवाद कार्यक्रम जनसुनवाई और संगठनात्मक समन्वय का महत्वपूर्ण मंच बना, जहां सरकार और संगठन के बीच सीधा संवाद देखने को मिला।