Type Here to Get Search Results !

विकास के कार्यों को तत्परता से करें – उद्यानिकी मंत्री श्री कुशवाह

 

दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की मंत्री श्री कुशवाह ने की समीक्षा 


 भोपाल 08/05/2026  (दयाराम कुशवाहा )   भोपाल प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा है कि स्वीकृत सभी कार्य तत्परता से और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधायें उपलब्ध हो सकें। इसके साथ ही बरसात से पूर्व नालों की सफाई का कार्य भी प्राथमिकता के साथ किया जाए। उद्यानिकी मंत्री श्री कुशवाह ने शनिवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए यह बात कही। 

 विकास कार्यों की समीक्षा के लिये आयोजित बैठक में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय, अपर आयुक्त नगर निगम श्री मुनीष सिकरवार, एसडीएम लश्कर श्री नरेन्द्र बाबू यादव सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। 

 उद्यानिकी मंत्री श्री कुशवाह ने कहा है कि बरसात से पूर्व क्षेत्र के सभी नालों की सफाई का कार्य तत्परता से किया जाए ताकि बरसात के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। क्षेत्र में जिन सड़कों को स्वीकृति प्रदान कर दी गई हैं उनका कार्य भी तत्परता से शुरू किया जाए। एलीवेटेड रोड निर्माण के संबंध में चर्चा करते हुए उन्होंने कहा है कि द्वितीय चरण में एलीवेटेड निर्माण का जो कार्य किया जा रहा है उसके संबंध में विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य को तत्परता से किया जाए। स्मार्ट सिटी द्वारा महाराज बाड़ा पर निर्मित की जा रही मल्टी लेवल पार्किंग में निकल रहे पानी का उपयोग जनहित में किस प्रकार किया जाए इस पर भी तत्परता से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। 

 उद्यानिकी मंत्री श्री कुशवाह ने अनाज मंडी एवं सब्जी मंडी में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की बात भी कही। इसके साथ ही शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। नगर निगम द्वारा मेहराब की तलैया में किए गए सौंदर्यीकरण कार्य के साथ ही जाली लगाने का कार्य भी तत्परता से करने की बात कही गई। 

 उद्यानिकी मंत्री श्री कुशवाह ने बैठक में सीवर सुधार, सड़क निर्माण के साथ-साथ स्मार्ट सिटी द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर विकास के कार्यों को शीघ्रता से करने के निर्देश दिए।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.