Type Here to Get Search Results !

किसानों की मेहनत पर डाका -- नकली डीएपी का बड़ा खेल............???

किसानों की मेहनत पर डाका

डालने वाले गिरोह पर प्रशासन की सबसे बड़ी चोट... 




जबलपुर। किसानों की मेहनत, फसल और भविष्य के साथ कथित तौर पर किए जा रहे खिलवाड़ पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऐसे नेटवर्क का पर्दाफाश किया है, जिसने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। पाटन विकासखंड के ग्राम करौंदी में शनिवार को कृषि विभाग की छापामार कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में ऐसी सामग्री बरामद की गई, जिसका उपयोग कथित रूप से नकली डीएपी उर्वरक तैयार करने में किया जा रहा था। मौके से ब्रांडेड कंपनियों की खाली बोरियां, दानेदार सामग्री, तौल कांटा और संदिग्ध रूप से भरी हुई खाद की बोरियां मिलने के बाद मामला बेहद गंभीर माना जा रहा है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई जिले में किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद,

बीज और कीटनाशकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। कृषि अधिकारियों की टीम ने ग्राम करौंदी स्थित एक मकान पर दबिश देकर बड़ी मात्रा में दानेदार सामग्री, सैकड़ों खाली बोरियां और एक प्रतिष्ठित कंपनी के नाम व लोगो वाली खाली पैकिंग बरामद की। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इन बोरियों का उपयोग नकली डीएपी तैयार कर उसे असली बताकर बाजार में खपाने के लिए किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान मौके से तौल कांटा भी मिला, जिससे यह संदेह और गहरा गया कि यहां खाद की पैकिंग का काम किया जा रहा था। इसके अलावा कई भरी हुई बोरियां भी जब्त की गई हैं, जिनकी गुणवत्ता और वास्तविकता की जांच कराई जा रही है।

जांच का दायरा यहीं नहीं रुका। कृषि विभाग की टीम ने संबंधित कृषि केंद्र की भी जांच की, जहां से बड़ी संख्या में विभिन्न प्रकार के कीटनाशक बरामद किए गए। अधिकारियों के अनुसार इन उत्पादों के विक्रय से जुड़े आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा सके। इसके बाद संबंधित कीटनाशकों को जब्त करते हुए गोदाम को सील कर दिया गया।अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है। यदि जांच में नकली उर्वरक तैयार कर किसानों को बेचने की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश सहित अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही किसानों से अपील की गई है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही उर्वरक एवं कीटनाशक खरीदें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल कृषि विभाग को दें।

यह कार्रवाई केवल एक गोदाम पर छापा नहीं, बल्कि उन लोगों के खिलाफ सख्त चेतावनी मानी जा रही है जो किसानों की मेहनत और भरोसे को मुनाफे के लिए दांव पर लगाने की कोशिश करते हैं। लोग का कहना है कि कहीं नकली खाद नर्मदा पुरम, बेतूल, हरदा के आसपास क्षेत्र में भी कहीं नकली खाद की सप्लाई तो नहीं की गई क्या विभाग के आला अधिकारी इस पूरे मामले को गंभीरता से लेंगे सोहागपुर पिपरिया क्षेत्र में जांच होगी....???

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.