Type Here to Get Search Results !

देशभक्तों ने एक स्वर में कहा भारत माता की जय.......

 सिवनी मालवा में देशभक्तों ने एक स्वर में कहा भारत माता की जय


बानापुरा ओवर ब्रिज से शिवराज पार्क तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा तिरंगा यात्रा में हुए सम्मिलित, नगरवासियों से की हर घर तिरंगा लगाने की अपील


नर्मदापुरम/13,अगस्‍त,2026/ स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सिवनी मालवा नगर पालिका द्वारा गुरुवार को विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा भी सम्मिलित हुए और हाथ में तिरंगा लेकर लोगों का उत्साह बढ़ाया। तिरंगा यात्रा में सिवनी मालवा विधायक श्री प्रेम शंकर वर्मा, श्रीमती प्रीति शुक्ला, नगर पालिका अध्‍यक्ष सिवनीमालवा श्री रीतेश जैन, बड़ी संख्या में नगरवासियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सामाजिक संगठनों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ उपनगरी बानापुरा स्थित ओवरब्रिज से किया गया। यात्रा शुरू होते ही पूरा क्षेत्र देशभक्ति के नारों और तिरंगे से सराबोर नजर आया। बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों और नारों के बीच लोगों ने भारत माता की जय का जयघोष किया।

तिरंगा यात्रा के शिवराज पार्क पहुंचने के बाद शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित लोगों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन किया। इस दौरान देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश के वीर जवानों के बलिदान को याद करते हुए उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। इसके बाद वंदे मातरम् का एवं भारत माता की आरती का गायन कर तिरंगा यात्रा का विधिवत समापन किया गया।

बानापुरा ओवरब्रिज से शुरू हुई तिरंगा यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सिवनी मालवा के शिवराज पार्क पहुंची। रास्तेभर लोगों ने तिरंगा लहराकर यात्रा का स्वागत किया। यात्रा में शामिल लोगों ने हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से नगर को देशप्रेम के रंग से रंग दिया। यात्रा के दौरान लोगों में काफी उत्साह दिखाई दिया। नगरवासियों ने भी जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा इस आयोजन का हिस्सा बने।

इस अवसर पर मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि इस समय पूरे देश में तिरंगा यात्रा, घर-घर तिरंगा और हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हम सभी के लिए गौरव का पर्व है। देश को आजादी दिलाने वाले वीर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए हमें राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए। उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि दो दिन बाद देश स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। उन्होंने इस अवसर पर सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और लोगों से स्वतंत्रता दिवस के पर्व को उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाने की अपील की।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.