बच्चों के बायोमेट्रिक अपडेट एवं अपार आईडी बनाने के कार्य में लाएं तेजी : कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ
कलेक्टर ने शिक्षा विभाग की बैठक में की विभागीय कार्यो एवं योजनाओं की समीक्षा
नर्मदापुरम/23,अक्टूबर,2026/ कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में विभागीय योजनाओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट एवं अपार आईडी बनाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि इन कार्यों की लंबित संख्या कम करने के लिए निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार अभियान मोड में कार्य किया जाए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि 1 नवंबर से बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। इसके लिए विकासखंडवार बच्चों का डाटा तैयार कर बायोमेट्रिक अपडेट की सर्वाधिक आवश्यकता वाले क्षेत्रों में मशीनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक बच्चों का बायोमेट्रिक सत्यापन कर लंबित प्रकरणों का निराकरण किया जा सके।
उन्होंने अपार आईडी एवं आभा आईडी बनाने के कार्य में भी गति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि बीआरसी इस कार्य में विशेष रुचि लेकर प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला परियोजना अधिकारी को निर्देशित किया कि एक सप्ताह के भीतर कार्ययोजना तैयार कर विकासखंडवार बच्चों का डाटा संकलित करें। साथ ही, अपार आईडी निर्माण एवं अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट दोनों कार्यों में लक्ष्य निर्धारित कर अभियान के रूप में प्रगति सुनिश्चित करें।
बैठक में कलेक्टर ने नवभारत साक्षरता अभियान, विद्यालयों के निरीक्षण तथा शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान पाठ्य पुस्तक वितरण, गणवेश वितरण एवं साइकिल वितरण की प्रगति की भी जानकारी ली गई। जिला परियोजना अधिकारी ने बताया कि जिले में पाठ्य पुस्तक एवं साइकिल वितरण का कार्य 100 प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है, जबकि गणवेश वितरण का कार्य 99.42 प्रतिशत पूरा हो चुका है।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने निर्देश दिए कि जिले में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने तथा विद्यार्थियों के ड्रॉपआउट प्रतिशत को कम करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं। उन्होंने आगामी बोर्ड परीक्षाओं में विद्यार्थियों के बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से रेमेडियल कक्षाएं संचालित करने तथा डाउट क्लीयरिंग सेशन आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक कठिनाइयों का समय पर समाधान किया जाए, जिससे वे परीक्षा की बेहतर तैयारी कर सकें और उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त कर सकें।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु जैन, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य तथा शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
